Help Videos
About Us
Terms and Condition
Privacy Policy
उपेक्षा/उपासना - Gita Parihar (Sahitya Arpan)

लेखआलेख

उपेक्षा/उपासना

  • 200
  • 23 Min Read

देवी कृपा की अपेक्षा हर इंसान को रहती है,उस प्रयास में वह पूजन-अर्चन, व्रत-उपवास, क्या- क्या नहीं करता!उस श्रृंखला में कन्या पूजन भी है जो कि हमारी प्राचीन परंपरा है। दुर्गा पूजा और नवरात्र में देवी के अनेक स्वरूपों की वंदना करता है,फिर बेटी की उपेक्षा क्यों?
देवियों की पूजा अपनी मनोकामना सिद्ध करने के लिए करता है और मजे की बात तो यह है कि सभी शुभ कार्यों का फल प्राप्त करने के लिए कन्या पूजन की परंपरा निभानी होती है। इंसान को सम्मान, लक्ष्मी, विद्या और तेज प्राप्त करना है, शत्रुओं का नाश करना है,माता का आशीर्वाद चाहिए। देवियों की मूर्तियों की स्थापना और पूजन कर ली, चारों तरफ समुचित शक्ति से अपने घर को,अपने घर के सदस्यों को विभूषित कर लिया, क्या घर की बच्चियों को सामर्थ्यवान, साहसी,प्रखर,हर क्षेत्र में अग्रणी और आत्मनिर्भर बनने की छूट दे दी ? अथवा संवेदनहीन होकर उनकी सामर्थ्य, प्रखरता, ओज और सोच को कुंठित करने का हर प्रयास किया, उत्पीड़ित किया ? यदि हां,तो निश्चय ही देवी पूजन,देवी अपेक्षा निरर्थक है।
विषय यह है कि वर्तमान में इसकी सार्थकता कितनी है। हम सभी जानते हैं कि हम सब में राम है तो रावण भी है। पहले रावण के पापों का घड़ा जब भर गया तो राम ने अवतार लेकर उसका वध किया किंतु आज आधुनिक रावणों के कुकृत्य पर हम मुखर होकर प्रतिक्रिया नहीं देते, समाज में घूमते असुरों को सुरक्षा और संबल देते हैं,अपने घर की बच्चियों और महिलाओं को रक्षात्मक विकास के लिए आगे नहीं बढ़ाते, हमारे व्यवहार के मानक असमान हैं।आवारा लड़कों पर हम रोक-टोक नहीं लगाते।बेटियों पर लगाते हैं। बेटियों की हर बात का हम विश्लेषण और मूल्यांकन करने लगते हैं,तो क्यों नहीं बेटों के अपराध पर हम लगाम लगाते?
सरकारें प्रयासरत हैं किंतु दंड देने की प्रतिबद्धता और जर्जर दंडनीय व्यवस्था, अंतहीन न्यायिक व्यवस्था अपराधियों को तोड़ने की जगह बढ़ावा देती है।पीड़िताएं पीड़ा, दंड ,सामाजिक उपहास और लांछन का दंश झेलती हैं।
नवरात्र पूजन में मूर्ति को दिया गया मान- सम्मान यदि घर में जीवित हो जाए ,तो बच्चियां या महिलाएं कुत्सित प्रभाव में आने से बच जाएंगी।
जैसे हम अपने धर्म द्वारा निर्धारित बातों को आंख मूंदकर मानते हैं,उसी तरह से सरकारी नीतियों और कार्यप्रणाली को भी मानें।आत्मरक्षा बेहद महत्वपूर्ण विषय है।इसे बच्चों की प्राथमिक शिक्षा में शामिल किया जाए।
केवल शेर पर सवार मां ही यह संदेश न दे कि वह अत्याचार ,दुराचार और व्यभिचार को रोक सकती है, बल्कि हर नारी यह संदेश देती हुई दिखाई दे कि वह अदम्य साहस ,स्वाभिमान और मानसिक स्वास्थ्य की स्वामिनी है।
माँ की कोख में ईश्वर की रचना को समाप्त कर देना,(कन्या भ्रूण अपराध होने के बावजूद) नवजात बच्चियों को झाड़ियों, कूड़े के ढ़ेर पर तो कभी मंदिर के बाहर छोड़ देना, दुष्कर्म होने के बाद नारे लगाना या कैंडल मार्च करना क्या इससे समाज में परिवर्तन आ जाएगा ? ये प्रश्न हमसे अवश्य ही उत्तर मांगते हैं।
हर माता-पिता अपने बेटों को नारी का सम्मान करने की शिक्षा दें।
कोई भी सीख घर से ही शुरू होती है।
लड़कियों को ही घर की ज़िम्मेदारी देना और लड़कों को खुला छोड़ देना कहां तक उचित है?पक्षपातपूर्ण व्यवहार पर विराम लगाना ही चाहिए।
समस्या का जनक हमारा समाज ही है, इसलिए इसका समाधान भी संपूर्ण समाज को ही निकालना होगा।
राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के हालिया रिपोर्ट के नतीजे शर्मसार करने वाले हैं। आंकड़े दर्शाते हैं कि भारत में बच्चियों और महिलाओं की स्थिति कितनी बुरी है।बीते वर्ष में दुष्कर्म के कुल 32,023 मामले दर्ज किए गए।अधिकांश विशेषज्ञ मानते हैं कि तमाम मामले तो दर्ज ही नहीं हो पाते। 90% मामलों में दुष्कर्मी परिचित ही होते हैं।अधिकांश मामलों में दुष्कर्म परिवार की परिधि में ही घटित होते हैं। सेलफोन और सोशल मीडिया के उभार से दुष्कर्म की वहशी वृत्ति को विस्तार मिल रहा है।समाज मौन क्यों रहता है, राजनेता एक वर्ग विशेष की बच्चियों और महिलाओं के यौन उत्पीड़न पर ही क्यों हाय तौबा मचाते हैं ? समाज के हर वर्ग को अपना दायित्व पहचानना चाहिए।
वैसे तो समाज में काफ़ी कुछ बदलाव भी हुए हैं। शिक्षा के प्रसार ने महिलाओं के आत्मसम्मान को बढ़ाया है। समाज ने कुरीतियों का बहिष्कार किया है।।सोच में नवीनीकरण आया है।सती प्रथा और बाल विवाह को हम बहुत पीछे छोड़ आए हैं ,किंतु दहेज का भूत अभी तक हमारा पीछा कर रहा है।
बेटी को गांव की जिम्मेदारी माना जाए।' बेटी बचाओ बेटी, पढ़ाओ,बेटी को आगे बढाओ'अभियान सफल हो,यह हम सब की नैतिक जिम्मेदारी है।
नारी यदि सरस्वती बन कर जीवन का पाठ सिखा सकती है,तो वही आत्म सम्मान के लिए दुर्गा भी बन सकती है।अपना अस्तित्व बचाने और अपने अधिकारों को पाने के लिए महाकाली का रौद्र रूप धारण कर सकती है।वह पानी की तरह है, जो हर आकार ले सकती है और वक्त आने पर अपने सभी नौ रूप दिखाने में सक्षम है।उसकी गरिमा और इज़्ज़त किसी के हाथ का खिलौना नहीं है, जितनी शीघ्र हम यह स्वीकार कर लें , उतनी शीघ्र हम इस गूढ़ तथ्य को समझ जाएं कि बेटी की उपेक्षा कर देवी से अपेक्षा नहीं की जा सकती बेटी को उचित मान-सम्मान और स्थान देना ही वास्तविक शक्ति की उपासना है।
गीता परिहार
अयोध्या

logo.jpeg
user-image
Sudhir Kumar

Sudhir Kumar 3 years ago

चैतन्यपूर्ण

Gita Parihar3 years ago

जी, आपका हार्दिक आभार

समीक्षा
logo.jpeg